संजु चौधरी, शिमला: राज्यस्तरीय गणतंत्र दिवस का आयोजन इस बार राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर किया जा रहा हैं। इस राज्यस्तरीय समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ध्वजारोहण करेंगे। इस दौरान कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी मौजूद रहेंगे। गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाले इस राज्य स्तरीय समारोह के लिए तैयारियां भी जिला प्रशासन की ओर से शुरू कर दी गई हैं।
शुक्रवार को बचत भवन में गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर जिला उपायुक्त आदित्य नेगी ने समीक्षा बैठक की, जिसमें सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। उपायुक्त शिमला ने अधिकारियों को गणतंत्र दिवस की तैयारियां जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त आदित्य नेगी ने कहा कि राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर मनाया जाएगा। यहां राज्यापल गणतंत्र दिवस समारोह की अध्यक्षता करेंगे। इसकी तैयारियों की समीक्षा के लिए बैठक का आयोजन किया गया जिसमें सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे । बैठक में परेड में कितनी टुकड़ियां हिस्सा लेंगी इस पर चर्चा हुई और किस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे और झांकियां किस प्रकार की होंगीं इसको लेकर भी मंथन किया गया। अधिकारियों को झांकियां जल्द तैयार करने के निर्देश भी बैठक में दिए गए हैं।
