अनिल कुमार, किन्नौर: पैरा ओलंपिक खेलों में किन्नौर जिला के दिव्यांग खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करें उसके लिए खिलाड़ियों के चयन जिला स्तरीय दिव्यांग पैरा स्पोर्ट्स प्रतियोगिता के आधार पर किया जाएगा। मंगलवार को जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में जिला स्तरीय दिव्यांग पैरा स्पोर्ट्स का आयोजन किया गया इस में जिला भर के दो दर्जन दिव्यांग खिलाड़ियों ने शिरकत की। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस मीडिया पैनलिस्ट डॉ. सूर्या बोरस ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
इस पैरा स्पोर्ट्स में जो खिलाड़ी अव्वल आएगा उस का चयन हमीरपुर में 15 जनवरी से आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
इस दौरान मीडिया से रूबरू होते हुए दिव्यांग एसोसिएशन किन्नौर के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार ने कहा कि वर्ष 2022 में आयोजित राज्यस्तरीय दिव्यांग प्रतियोगिता में किन्नौर के खिलाडिय़ों ने पैरा स्पोर्ट्स में 18 मेडल हासिल किए और हमारा लक्ष्य है कि वर्ष 2024 में आयोजित होने वाली पैरा ओलपिंक खेलों में जिला व देश के लिए मेडल हासिल करें।
इस अवसर पर बतौर मुख्यातिथि पहुंचे डॉ. सूर्या बोरस ने कहा कि हिमाचल में स्वर्णिम युग शुरू हो गया है इस दौरान समाज के हर वर्ग के लिए कार्य होगा। हमें विश्वास है कि सरकार प्रदेश के दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए अलग से खेल नीति के तहत कार्य कर दिव्यांग खिलाड़ियों के उत्थान के लिए काम करेगी।
