राहुल चावला, धर्मशाला: दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 5 दिसंबर को खेल परिसर धर्मशाला में होगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 5 दिसंबर की सुबह 9ः30 बजे खेल परिसर धर्मशाला में पहुंचाना होगा। विभिन्न तरह की खेल प्रतियोगिताएं यहां दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए आयोजित की जा रही हैं।
जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी कांगड़ा एन.पी गुलेरिया ने बताया कि प्रतियोगिता में 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांग महिला व पुरुष प्रतिभागियों के लिए सौ, दो सौ ओर चार सौ मीटर दौड़ का आयोजन किया जाएगा। वहीं 13 से 17 वर्ष के आयु वर्ग में दृष्टिबाधित खिलाड़ियों के लिए सौ मीटर वॉक व रस्सी कूद। कम सुनने वाले खिलाड़ियों के लिए सौ मीटर दौड़ व ब्रॉड जंप। शारीरिक रूप से दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए पचास मीटर सहायक वॉक व सॉफ्टबॉल फेंकना ओर मानसिक रूप से अक्षम बच्चों के लिए सौ मीटर दौड़ और इसी आयु वर्ग में एकल बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को आने जाने का साधारण बस किराया ओर दैनिक भत्ता व आहार उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कांगड़ा जिला में दिव्यांग बच्चों के लिए कार्य कर रही स्वयंसेवी संस्थाओं और संगठनों से आग्रह किया कि वह इस प्रतियोगिता के लिए बच्चों को पंजीकृत करवाएं।
