सोलन/योगेश शर्मा: सोलन का क्षेत्रीय अस्पताल शहर के बीचो बीच स्थित है। जिसके कारण वाहनों की आवाजाही बहुत अधिक होती है और अस्पताल में भर्ती रोगियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। वाहन चलाक खासतौर पर युवा नियमों का पालन नहीं करते है तो वह अस्पताल के समीप गाड़ियों का हॉर्न बजाते हुए चलते है। यही नहीं उनकी गाड़ियों में म्युज़िक भी तेज़ होता है। शोर की आवाज़ से रोगियों को बेहद असुविधा होती है। उनकी इस समस्या को लायंस क्लब ने महसूस किया और उनके द्वारा अस्पताल के समीप एक जागरूकता अभियान चलाया गया। जिसमें वहां से गुजरने वाले प्रत्येक वाहन चालक को बताया गया कि अस्पताल के समीप से गुजरते समय उन्हें हॉर्न नहीं बजाना है और किसी भी तरह का शोर नहीं करना है। इस अभियान में गौरमेंट बॉयज़ स्कूल के एनसीसी कैडेट्स भी उनके साथ लोगों को जागरूक कर रहे थे।
लायंस क्लब ने दिया ये संदेश
इस अभियान के बारे में लायंस क्लब के पदाधिकारी नवदीप थरेजा और एनसीसी ऑफिसर विनोद गुप्ता ने बताया कि अस्पताल के समीप से अक्सर जब लोग गुजरते है तो वह नियमों का पालन नहीं करते है और वह गाड़ियों का हॉर्न बजाते है। जिसकी वजह से रोगियों को भारी असुविधा होती है। कुछ रोगी जो रात को दर्द के कारण सो नहीं पाते उनकी नींद गाड़ियों के शोर से टूट जाती है। उन्हें फिर दर्द के दौर से गुजरना पड़ता है। इस लिए जो भी वाहन अस्पताल के समीप से गुजरता है उसे नियमों का पालन करना चाहिए।
