अरविंदर सिंह,हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के लिए एक बार फिर से खेल क्षेत्र में गौरवान्वित करने वाला पल आ गया है। इस बार हमीरपुर जिला से संबंध रखने वाले इंटरनेशनल वेटलिस्ट विकास ठाकुर ने प्रदेश को हमीरपुर जिला को यह गौरव दिया है। इंटरनेशनल वेटलिफ्टर विकास ठाकुर को अर्जुन अवार्ड से नवाजा जा रहा है। विकास को 30 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति मुर्मू अर्जुन अवार्ड से सम्मानित करेंगी। विकास ठाकुर को अर्जुन अवार्ड दिए जाने की घोषणा से हमीरपुर और प्रदेश भर में उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। परिवार ने भी इस उपलब्धि को गौरवान्वित करने वाला बताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी विकास ठाकुर की इंटरनेशनल गेम्स में उपलब्धियों को लेकर उनकी सराहना कर चुके हैं।
इंटरनेशनल गेम्स में लगातार तीन मेडल जीतकर हैट्रिक लगाकर विकास ने विश्व रिकॉर्ड भी कायम किया है। विकास ठाकुर ने इसी साल इंग्लैंड के बरनिंघम में हुई कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में सिल्वर मेडल जीतकर एक और हमीरपुर का नाम दुनिया भर में रोशन किया था। इससे पहले विकास ने दिसंबर 2021 में उज्बेकिस्तान में हुई कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में देश के लिए कांस्य पदक जीता था। वर्ष 2014 में भी हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्होंने देश को सिल्वर मेडल दिलवाया था। वर्ष 2015 में उन्होंने गोल्ड मेडल, वर्ष 2017 में कांस्य और 2018 में भी उन्होंने देश के लिए इंटरनेशनल गेम्स में कांस्य पदक जीता था। विकास के पिता बृजलाल ठाकुर लुधियाना में रेलवे में कार्यरत है ओर उनका पूरा परिवार वहीं पर रहता है ।
विकास 9 बार देश में नेशनल चैंपियन रह चुके हैं और अब तक करीब 35 विदेशी टूर कर वहां पर वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेकर मेडल जीत चुके हैं। विकास का परिवार मूल रूप से हमीरपुर के पटनौन गांव का रहने वाला है। उनकी मां आशा ठाकुर गृहणी है। विकास जब 9 साल के थे तब से ही वह वेटलिफ्टिंग में आ गए थे और लगातार अपनी कड़ी मेहनत से उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना नाम और पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की विकास ठाकुर से मुलाकात के दौरान उनकी उपलब्धियों के लिए उनकी प्रशंसा कर पीठ थपथपाई थी।
हिमाचल में सुविधाएं ना मिलने के चलते हुए पंजाब शिफ़्ट
हिमाचल में सुविधाएं ना मिल पाने के कारण विकास ठाकुर पंजाब शिफ्ट हो गए और वहीं से उन्होंने अपने खेल जीवन की शुरुआत की। हिमाचल में अब तक सरकार ने उन्हें किसी भी तरह की सरकारी नौकरी में किसी अधिकारी या क्लास वन पद पर नियुक्ति देने को लेकर कोई घोषणा नहीं की है। विकास के पिता बृजलाल ठाकुर ने बेटे को अर्जुन अवार्ड दिए जाने की घोषणा पर पूरे परिवार की ओर से खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि बेटे ने हर बार हमीरपुर प्रदेश और देश का नाम दुनिया भर में रोशन किया है। वह आज हजारों युवाओं के लिए भी प्रेरणा बन चुके हैं जो खेलों में नाम कमाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अगर हिमाचल में ज्यादा सुविधाएं खिलाड़ियों को मिले तो यहां के खिलाड़ी दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करेंगे। उन्होंने इस अवार्ड को दिए जाने के लिए केंद्र सरकार का भी खास तौर पर आभार जताया।
