सोलन :योगेश शर्मा (TSN)- प्रदेशभर में आज डॉक्टरों द्वारा काले बिल्ले लगाकर काम किया जा रहा है । क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में भी डॉक्टर काले बिल्ले लगाकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे है और सरकार को चेताने का प्रयास कर रहे है कि उनकी मांगों की तरफ ध्यान दिया जाए।
सरकार की ओर से डॉक्टरों की कई मांगें पूरी नही हो पाई है,जिसके चलते आज 18 जनवरी से डॉक्टर काले बिल्ले लगाकर सेवाएं दें रहे हैं,यह विरोध 24 जनवरी तक चलने वाला है। हिमाचल मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन जिला इकाई सोलन के अध्यक्ष डॉ. कमल अटवाल ने बताया है कि उनकी मुख्य पांच मांगें हैं जिसमें नान प्रैक्टिस अलाउंस (एनपीए) को बहाल करना प्रमुख मांग है। साथ ही 4-9-14 की बहाली, एड्स कंट्रोल सोसायटी में परियोजना निदेशक का कार्यभार वापस स्वास्थ्य निदेशक को दिया जाए, इसी के साथ पात्रता एवं वरिष्ठता के आधार पर निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं, जेडी, डीडी, सीएमओ, एसएमएस, बीएमओ को वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति दी जाए और किसी को भी सेवानिवृत होने के बाद एक्सटेंशन न दी जाए। इसके अलावा भी कई अन्य मांगें हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह काले बिल्ले लगाकर प्रदर्शन कर रहे है। यदि जल्द ही उनकी मांगों को न माना गया तो राज्य प्रतिनिधियों के अनुसार आगामी रणनीति तैयार की जाएगी।
