राहुल चावला,धर्मशाला: स्मार्ट सिटी धर्मशाला के वार्ड नंबर 7 श्याम नगर में शुक्रवार को एक आवारा कुत्ता खाने की तलाश करता करता हुआ अंडरग्राउंड डस्टबिन में जा गिरा। इस डस्टबिन में गिरने के बाद कुत्ता वहीं फंस गया और लगभग 15 घंटे डस्टबिन में फ़ंसा रहा। यहां फंस जाने के बाद कुत्ता बहुत रोया, बाहर निकलने की भी उसने बहुत कोशिश की लेकिन बाहर नहीं निकल पाया।
कुत्ते के इस तरह डस्टबिन में फंसे होने की जानकारी क्रांति संस्था के संस्थापक धीरज महाजन को मिली तो उन्होंने स्थानीय लोगों और अपने टीम के सदस्यों की मदद से काफ़ी मुश्किल से उस बेज़ुबान को बाहर निकाल दिया। कुत्ता जब बाहर निकला तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं था।
क्रांति संस्था के संस्थापक धीरज महाजन ने बताया कि जब उनको पता चला कि एक बेसहारा कुत्ता अंडरग्राउंड डस्टबिन में फंस गया हैं तो वह अपनी संस्था की टीम के सदस्यों को लेकर घटना स्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से आवारा कुत्ते को अंडरग्राउंड डस्टबिन से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाल दिया गया। उनका कहना है कि इन बेजुबानों की सहायता करने से इन बेज़ुबानो की दुआएं कभी खाली नहीं जाती।
बता दें कि स्मार्ट सिटी धर्मशाला के रहने वाले धीरज महाजन बीते काफी वर्षों से बेज़ुबान जानवरों पर हो रहे अत्याचारों को लेकर लड़ते आ रहे हैं।
