नाहन : देवेंद्र कुमार -पिछले करीब 1 माह से पुलिस कॉलोनी में रहने वाले लोग पेयजल किल्लत से जूझ रहे है। समस्या को लेकर यहां रहने वाले लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता से मिला और समस्या के समाधान की गुहार लगाई ।
पुलिस कॉलोनी में रह रहे पुलिस के जवानों व उनके परिवार के सदस्यों ने बताया कि करीब एक माह से कॉलोनी में पेयजल किल्लत चल रही है । उन्होंने बताया कि इस मामले में कई बार जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को भी अवगत करवाया जा चुका है, परंतु समस्या का समाधान नहीं हुआ । ऐसे में यहां रह रहे पुलिस के जवानों और उनके परिवार के लोगों को निजी तौर पर टैंकर मंगवा कर पानी की आपूर्ति करनी पड़ रही है। लगातार 1 महीने से पेयजल की लत से जूझ रहे लोगों ने आज जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता से मुलाकात की और समस्या के समाधान की गुहार लगाई है।
जलशक्ति विभाग के एससी से की मुलाकात
पुलिस के जवानों ने बताया कि पानी की समस्या के चलते ड्यूटी पर जाने में भी विलंब होता रहा है। पीने से लेकर घर की साफ सफाई खाना बनाने के लिए पानी की आवश्यकता पड़ती है। कर्मचारियों का कहना है कि दिन रात ड्यूटी करने के बाद घर पहुंच कर उन्हें पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। उनका कहना है कि यह जलशक्ति विभाग के कर्मचारियों को टेलीफोन करते हैं तो कर्मचारी फोन तक नहीं उठाते। उन्होंने बताया कि इस समस्या को उन्होंने अपने अधिकारियों के माध्यम से भी उठाया है मगर अभी तक कोई समाधान नहीं हो पाया।
