नाहन : देवेंद्र कुमार – नाहन शहर के साथ लगते आधा दर्जन से अधिक गांव के लोगों का संपर्क जिला मुख्यालय से टूट चुका है।गांव को जोड़ने वाली जाबल का बाग कांशीवाला नाहन सड़क इतनी खस्ताहाल है कि यहां से गुजरना खतरे से खाली नहीं है।
मंगलवार को क्षेत्र के रहने वाले ग्रामीणों ने बताया कि भारी बारिश से मझोली जलापड़ी कोटली कालाकुंड , भलगांव, धारक्यारी, खैरवाला, बुब्बी, जाबल का बाग व कांशीवाला को नाहन शहर (ज़िला मुख्यालय) से जोड़ने वाला एकमात्र कच्चा रास्ता है जो पिछले करीब 17 सालों से अभी तक दयनीय स्थिति में है। हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण इस रास्ते पर लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। पिछले कल से स्कूल भी खुल गए हैं और बच्चों को यहां से गुजरना मुश्किल हो रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए कई बार प्रसाशन को अवगत कराया गया है लेकिन जेसीबी से मिट्टी हटाने के अलावा कोई ठोस समाधान नहीं हो पाया है। ऐसे लोगों ने उपायुक्त सिरमौर से सड़क का मौका मुआयना करने और समस्या के स्थाई समाधान की गुहार लगाई है।
