कुल्लू:मनमिंद्र अरोड़ा- जिला कुल्लू में पूर्व भाजपा सरकार के समय एक निजी संस्थान को मुफ्त में सरकारी भूमि दी गई है। ऐसे में अब निजी संस्थानों को दी गई भूमि पर भी एक समीक्षा बैठक की जाएगी और इस मामले पर भी प्रदेश कांग्रेस सरकार के द्वारा जल्द निर्णय लिया जाएगा।
अपनी जमीन खरीदकर अस्पताल बनाए संस्थान
कुल्लू में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर ने कहा कि अगर किसी संस्थान को यहां पर अस्पताल बनाना है या फिर कॉलेज खोलना है तो उसका स्वागत है। लेकिन ऐसे संस्थान अपनी जमीन खरीदकर यह सब बनाएं ना कि मुफ्त में मिली सरकार की भूमि पर यह बनाए जाने चाहिए। विधायक सुंदर ठाकुर ने कहा कि सरकारी भूमि पर सरकारी संस्थान खोले जाएंगे ताकि प्रदेश की जनता को सरकारी संस्थानों का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के समय एक संस्थान को फायदा देने के लिए सरकारी भूमि मुफ्त में उपलब्ध करवाई गई थी। ऐसे में अब जल्द ही इस पर एक समीक्षा बैठक भी आयोजित की जाएगी।
डिनोटिफाई हुए सरकारी कार्यालय को लेकर ये कहा
जिला कुल्लू में डिनोटिफाई हुए सरकारी कार्यालय के जवाब में विधायक सुंदर ठाकुर ने कहा कि यह सरकारी कार्यालय पूर्व भाजपा सरकार के द्वारा बिना बजट के ही खोल दिया गए थे। ऐसे में अब कांग्रेस सरकार के द्वारा इसके लिए उचित बजट का प्रावधान किया जाएगा और स्टाफ की भी तैनाती की जाएगी। ताकि इन सरकारी कार्यालय का आम जनता को लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश में सरकारी कार्यालय को डिनोटिफाई करने को लेकर जनता के बीच झूठ फैला रही है। लेकिन आज जनता भी इस बात को जान चुकी है कि पूर्व भाजपा सरकार ने बिना वित्त विभाग की मंजूरी के सभी सरकारी कार्यालय खोले थे।
