अरविंदर सिंह,हमीरपुर: प्रदेश सरकार हिमाचल को वर्ष 2025 तक हरित ऊर्जा राज्य बनाने की दिशा में काम कर रही हैं। कार्बन उत्सर्जन को कम करने के लिए इलेक्ट्रिक वाहन व चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए परिवहन विभाग ने कमर कस ली हैं। हमीरपुर जिला में इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में 72 स्थानों को चिन्हित किया हैं ताकि आने वाले समय में इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज करने के लिए स्थान उपलब्ध हो सके।
इन 72 स्थानों में सरकारी दफ्तरों के अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग की जगहों को भी शामिल किया गया हैं। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश परिवहन विभाग के सभी क्षेत्रीय कार्यालयों को इलेक्ट्रिक वाहन मुहैया करवाकर इसे देश का पहला पूर्ण इलेक्ट्रिक वाहन इस्तेमाल वाला विभाग बनाया जाएगा।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अंकुश शर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से विभाग को इलेक्ट्रिक वाहन मुहैया करवाया गया हैं । उन्होंने कहा कि वाहन को एक बार चार्ज करने पर 300 किलोमीटर तक का सफर आसानी से तय हो रहा हैं। उन्होंने कहा कि इससे विभाग को भी लाभ पहुंचेगा और आम जनता भी अब इलेक्ट्रिक वाहन की ओर आकर्षित हो रही हैं।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अंकुश शर्मा ने बताया कि विभाग के द्वारा जिला हमीरपुर में 72 स्थानों को चिन्हित किया गया है जहां पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा सकते हैं । उन्होंने बताया कि इन स्थानों में सरकारी विभागों के अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग व अन्य स्थान भी शामिल हैं । शर्मा ने बताया कि इन स्थानों में 22 से 50 किलोवॉट वाले छोटे चार्जिंग पॉइंट के अलावा 50 किलोवॉट से अधिक वाले बड़े चार्जिंग प्वाइंट भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि विभाग ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर 8 स्थान चयनित किए हैं जिन पर जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा ।
