चन्द्रिका-प्रदेश मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को बजट पेश किया। ये उनके सीएम कार्यकाल का पहला बजट भाषण था। सीएम ने अपने बजट भाषण में कई घोषणाएं की।इसमे बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों को बढ़ाने की बात भी कही गई है।
मुख्यमंत्री रोजगार संकल्प सेवा योजना
सीएम सुक्खू ने युवाओं को प्रदेश, देश व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री रोजगार संकल्प सेवा योजना शुरू करने की घोषणा की। इसके लिए एम्पलॉयमेंट एमआईएस सॉफ्टवेयर में संशोधन किया जाएगा। इससे दूर-दराज के क्षेत्रों के युवाओं को प्रदेश, देश व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध रोजगार अवसरों से जोड़ा जाएगा ताकि प्रदेश के युवाओं को उपयुक्त नौकरियां मिल सके। वहीं राजीव गांधी स्वरोजगार योजना के अंतर्गत स्वरोजगार के लिए डेंटल क्लीनिक में मशीनरी एवं औजार, मत्स्य इकाइयों, ई-टैक्सी और 1 मेगावाट तक के सोलर पावर प्रोजेक्ट शामिल होंगे। ई-टैक्सी पर मिलने वाला उपदान सभी वर्गों के लिए 50 प्रतिशत होगा।
हिम गंगा योजना से मिलेगा दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा
प्रदेश सुक्खू सरकार ने हिम गंगा योजना शुरू करने की घोषणा की। इस योजना का उद्देश्य दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना है। इस योजना के लिए 500 करोड़ रुपये की घोषणा की गई है। सीएम ने कहा है कि नए मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किए जाएंगे और मौजूदा प्लांट्स को अपग्रेड किया जाएगा।
गरीब बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए ये प्रावधान
प्रदेश में गरीब बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए मुख्यमंत्री विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत ऋण के ब्याज पर उपदान प्रदान किया जाएगा।इससे गरीब छात्र उच्च शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे।
विधवाओं और एकल नारियों को मिलेगा घर
सीएम ने विधवाओं और एकल नारियों के लिए नई योजना की शुरुआत की है। इसके तहत 7 हजार विधवाओं और एकल नारियों को घर बनाने के लिए मुख्यमंत्री विधवा एवं एकल नारी आवास योजना शुरू करने की घोषणा की गई है।
व्यापारियो और कृषि के लिए ये योजना शुरू करने की घोषणा
सदभावना योजना 2023 व्यापारियों, निर्माताओं, थोक विक्रेताओं और खुदरा विक्रेताओं को सुविधा प्रदान करने के लिए इसी वर्ष शुरू की जाएगी। इसके तहत सामान्य बिक्री कर, केंद्रीय बिक्री कर और प्रवेश शुल्क इत्यादि अधिनियमों के तहत लंबित मामलों को निपटाया जाएगा। वहीं क्लस्टर अप्रोच के आधार पर कृषि के समग्र विकास के लिए एकीकृत हिम उन्नति योजना शुरू की जाएगी।
