मंजूर पठान, चंबा: प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए मतदान की प्रक्रिया शनिवार को संपन्न हो गई है। ऐसे में जनजातीय क्षेत्रों से ईवीएम मशीनों को स्ट्रांग रूम तक लाने की प्रक्रिया को पूरा किया जा रहा है। वहीं जिला चंबा के पांगी क्षेत्र की बात की जाए तो पांगी में बनाए गए 36 पोलिंग बूथों की ईवीएम मशीनें आज सुबह हेलीकॉप्टर के माध्यम से कड़ी सुरक्षा के बीच चंबा लाई गई है।
पिछले कल चंबा जिला की सभी मतदान केंद्रों से ईवीएम मशीनों को स्ट्रांग रूम तक पहुंचा दिया गया है लेकिन जनजातीय क्षेत्र पांगी के 36 बूथों की ईवीएम मशीनें आज सुबह पांगी से हेलीकॉप्टर के माध्यम से पहुंचाई गई। चंबा के बालू हेलीपैड पर ईवीएम मशीनों को कड़ी सुरक्षा में हेलीकॉप्टर से उतार गाड़ी के माध्यम से स्ट्रांग रूम तक पहुंचाया गया। बता दें कि जनजातीय क्षेत्र पांगी जो विधानसभा क्षेत्र भरमौर के तहत आता है, वहां पर 36 पोलिंग बूथ बनाए गए थे। साथ ही वहां पर 16 रिजर्व ईवीएम मशीन प्रशासन की ओर से वहां भेजी गई थी। 5 ईवीएम मशीनें जो लोगों को डेमोंसट्रेशन के लिए भेजी गई थी।
वह सभी मशीनें आज कड़ी सुरक्षा में चंबा पहुंचा दी गई है। अब 8 दिसंबर को चंबा जिला की पांचो विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना का कार्य चंबा के सरोल में होगा। एसडीएम पांगी रजनीश शर्मा ने बताया कि जनजातिय क्षेत्र पांगी में जो मतदान हुआ है उसकी सभी ईवीएम मशीन हेलीकॉप्टर के माध्यम से अब चंबा पहुंचा दी गई है। उन्होंने कहा कि पांगी में भी मतदान बड़े शांतिपूर्वक तरिके से संपन्न हुआ ओर मौसम ने भी उनका पूरा साथ दिया है।
