Shimla, Sanju-:लोहड़ी पर्व के शुभ अवसर पर शिमला के छोटा शिमला क्षेत्र में जरूरतमंद लोगों के लिए एक सराहनीय पहल देखने को मिली। सामाजिक संस्था सहज द्वारा कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस कार्यक्रम में छोटा शिमला वार्ड के स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान महापौर सुरेंद्र चौहान ने उपस्थित लोगों को लोहड़ी पर्व की शुभकामनाएं दीं और सहज संस्था के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर कुल 35 जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए। साथ ही लोहड़ी की परंपरा के अनुसार गच्चक और रेवड़ियां भी बांटी गईं।महापौर ने कहा कि सहज संस्था द्वारा जरूरतमंदों के लिए किया गया यह सेवा कार्य अत्यंत सराहनीय है। ऐसे आयोजनों से समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और मानवता की भावना को मजबूती मिलती है। उन्होंने संस्था को भविष्य में भी इसी तरह समाज सेवा के कार्य जारी रखने के लिए शुभकामनाएं दीं।
