बिलासपुर, सुभाष -: हिमाचल प्रदेश में अवैध शराब की तस्करी और बिना अनुमति शराब के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत राज्य कर एवं आबकारी विभाग बिलासपुर की टीम ने गरामोड़ा में बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने जांच के दौरान पंजाब में बिक्री के लिए निर्धारित टुबर्ग बीयर की 150 पेटियां बरामद की हैं। बीयर की खेप ले जा रहे वाहन को भी विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में आबकारी कानून के तहत आगामी कार्रवाई की जा रही है।उपायुक्त राज्य कर एवं आबकारी, बिलासपुर हरिश छेत्री ने बताया कि सोमवार सुबह करीब सात बजे गरामोड़ा क्षेत्र में विभाग की टीम नियमित नाकाबंदी और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान वाहन संख्या एचपी 72 डी 6478 को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन में टुबर्ग बीयर की 150 पेटियां मिलीं।
विभाग के अनुसार बरामद बीयर की पेटियों पर स्पष्ट रूप से “केवल पंजाब में बिक्री के लिए” अंकित था। इससे प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि बीयर की उक्त खेप पंजाब में बिक्री के लिए निर्धारित थी। वाहन में मौजूद व्यक्ति से जब इस शराब को हिमाचल प्रदेश में लाने और परिवहन करने से संबंधित दस्तावेज मांगे गए तो वह आवश्यक प्रवेश-पत्र, अनुमति अथवा अन्य वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।इसके बाद आबकारी विभाग की टीम ने बीयर की पूरी खेप और संबंधित वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। विभाग द्वारा अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बीयर की खेप कहां से भेजी गई थी और हिमाचल प्रदेश में इसे कहां पहुंचाया जाना था। मामले की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में सहायक आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी शम्मी कुमार, सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी अतुल कौशल, मुख्य आरक्षी कपिल, चपरासी विक्रम और चालक पदम शामिल रहे।उपायुक्त हरिश छेत्री ने कहा कि जिले में अवैध शराब के परिवहन और तस्करी को रोकने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों समेत विभिन्न स्थानों पर लगातार नाकाबंदी, निरीक्षण और निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब समेत अन्य राज्यों से हिमाचल में अवैध रूप से शराब लाने के प्रयासों पर विभाग की विशेष नजर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आबकारी कानून के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

