संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश सहित देश भर के किसानों ने 19 दिसंबर को दिल्ली कूच की तैयारी कर दी हैं। देश भर के 2 लाख किसान इस दिन पर दिल्ली के रामलीला मैदान में गरजेंगे। हिमाचल से भी 1200 किसान हिमाचल से दिल्ली पहुंचेंगे। भारतीय किसान संघ ने अपनी मांगों को लेकर यह किसान गर्जना रैली करने का आवाह्न किया है। किसान संघ लागत के आधार पर फसलों का लाभकारी मूल्य लागू करने और जीएसटी खत्म करने की मांग को लेकर यह रैली करने जा रहा है।
भारतीय किसान संघ हिमाचल प्रदेश के प्रदेश महामंत्री सुरेश ठाकुर ने शिमला में प्रेसवार्ता कर बताया कि सरकार किसानों की मांगो को पूरा करने में फेल हुई हैं जिसके खिलाफ देश भर के 2 लाख के करीब किसान दिल्ली के रामलीला मैदान में एकत्रित होकर किसान गर्जना रैली करेंगे। 19 दिसंबर के इस प्रदर्शन में प्रदेश के लगभग 12 सौ किसान दिल्ली कूच करेंगे।
उन्होंने बताया कि किसानों की मांग हैं कि किसानों को लागत के आधार पर लाभकारी मूल्य देने, कृषि यंत्रों व उर्वरकों, कीटनाशक को जीएसटी के दायरे से बाहर रखने,केंद्र सभी प्रकार के जीएम,बीटी व जीएम सरसों को अनुमति देने के निर्णय को तुरंत वापिस लिया जाए। वहीं हिमालयी क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थिति के अनुरूप व दृष्टिकोण के लिए कृषि नीति बनाने की मांग भी इन मांगों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी अगर केंद्र सरकार किसानों की मांगो पर अमल नहीं करती हैं तो आगामी रणनीति बनाई जाएगी।
