राकेश, ऊना: प्रदेश में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही हैं। मैदानी इलाकों में पड़ रहे कोहरे ने लोगों की परेशानी को और ज्यादा बढ़ा दिया हैं। एक और लोग ठंड से ठिठुरने के लिए मजबूर हैं तो वहीं दूसरी ओर कोहरे की वजह से सड़क पर वाहन तक चलाना लोगों के लिए मुश्किल हो गया हैं। बात अगर प्रदेश के ऊना जिला की कि जाए तो यहां भी लोगों को भयंकर सर्दी से दो-चार होना पड़ रहा हैं।
मंगलवार सुबह से ही ऊना जिला में घना कोहरा और धुंध पड़ने के कारण विजिबिलिटी बहुत ही कम दिखाई दे रही हैं। चंडीगढ़ धर्मशाला हाईवे पर बहुत ही कम संख्या में वाहन सड़कों पर दिखाई दिए और उनकी स्पीड भी बहुत कम देखने को मिल रही हैं। मौसम विभाग की माने तो ऊना जिला में पड़ रही भयंकर सर्दी ओर घने कोहरे और धुंध से आने वाले पांच से छह दिन तक लोगों को निजात नहीं मिल सकेंगी। वहीं सर्दी से भी राहत अभी लोगों को नहीं मिल सकेगी।
जिला में सर्दी से बचने के लिए लोग आग का सहारा ले रहे हैं और गर्म चाय की चुस्कियां लेकर सर्दी को दूर भगाने की कोशिश कर रहे हैं। लोगों का कहना हैं कि ऊना में पड़ रही भयंकर सर्दी और घने कोहरे के कारण बच्चों और बुजुर्गों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा हैं। बारिश ना होने के कारण इसका असर फसलों पर भी देखने को मिल सकता हैं। सर्दी इतनी ज्यादा पड़ रही हैं कि लोग बहुत ज़रूरी काम होने पर ही अपने घरों से बाहर निकल रहे हैं। वहीं धुंध के कारण सड़कों पर दुर्घटना होने की भी आशंका बनी हुई हैं।
