संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश में इन दिनों लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा हैं। सर्दी काफी ज्यादा प्रदेश में बढ़ रही हैं, लेकिन उसके मुकाबले बारिश इस बार सर्दियों के मौसम में कम हो रही हैं। प्रदेश में पिछले 10 वर्षों बाद सर्दी के मौसम में इस बार सबसे कम बारिश दर्ज की गई हैं, जबकि बर्फबारी भी अभी प्रदेश में ना के बराबर ही हुई हैं। पिछले लगभग 3 महीने से प्रदेश में बारिश नहीं हुई है जिससे प्रदेश सूखे की मार भी झेल रहा हैं।
वहीं अगर बात आगामी दिनों की कि जाए तो प्रदेश में लोगों को हाड़ कंपा देने वाली ठंड से अभी राहत नहीं मिलने वाली हैं और अगले 3 से 4 दिन लोगों को ठंड और ज्यादा सताने वाली हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अगले 3 दिन तक प्रदेश में शीतलहर और धुंध को लेकर येलो भी अलर्ट जारी किया हैं, जबकि 7 जनवरी से हिमाचल में पश्चमी विक्षोभ सक्रिय होने से ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि 6 जनवरी तक हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप रहेगा। तापमान सामान्य से नीचे चल रहे हैं, जिससे कड़ाके की ठंड पड़ रही हैं। 7 जनवरी से हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाली है जिससे प्रदेश भर में 7 लेकर 9 जनवरी तक बर्फबारी होने की संभावना हैं।
यहां हो सकती हैं बर्फ़बारी
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने कुल्लू, चंबा, शिमला, किन्नौर और लाहौल स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान लगाया हैं, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश और धुंध को लेकर चेतावनी जारी की है।
इन क्षेत्रों ने तापमान शून्य से भी नीचे
वहीं बारिश और बर्फबारी न होने से प्रदेश में सूखी ठंड पड़ रही है जिससे बचने के लिए लोग गर्म कपड़ों और आग का सहारा ले रहे हैं। शिमला, चंबा, कुल्लू, लाहौल स्पीति और किन्नौर जिला के कुछ इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चल रहा है।
