विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में स्थित विश्व विख्यात शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में मंगलवार को वर्तमान में पोंटा साहिब से विधायक व पूर्व में ऊर्जा मंत्री रहे सुखराम चौधरी ने हाज़री भरी। उन्होंने मां चिंतपूर्णी के दरबार में शीश नवाया ओर माता रानी की पूजा अर्चना की। इस मौके पर चिंतपूर्णी मंदिर के पुजारी महेश कालिया ने विधिवत रूप से वैदिक मंत्रों का उच्चारण कर पूजा-अर्चना करवाई और मां के दरबार में हाज़री लगवाई।
मंदिर दर्शन करने के बाद विधायक सुखराम चौधरी ने मंदिर में स्थित पावन वटवृक्ष को मोली का धागा बांधा और सुख समृद्धि की कामना की। इस मौके पर मंदिर अधिकारी बलवंत सिंह ने माता की फोटो और चुनरी उन्हें भेंट स्वरूप दी। पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुखराम चौधरी ने कहा विधानसभा चुनावों में जीत के बाद उन्होंने मां के दरबार में हाजिरी भरी हैं। आज माता रानी के दर्शन किए हैं और कल धर्मशाला में आयोजित होने वाले विधानसभा सत्र में विधायक की शपथ लेंगे।
इस दौरान उनसे पिछली सरकार की कैबिनेट के सुखराम चौधरी और विक्रम ठाकुर को छोड़कर अन्य साथियों के 2022 के विधानसभा चुनावों में हार जाने के बारे में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोग बहुत जागरूक हैं। इस बार के चुनाव में कांग्रेस के लुभावने वादे और ओल्ड पेंशन स्कीम ने भाजपा के मिशन रिपीट को रोका हैं। इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा पिछली वीरभद्र सरकार ने अपने 6 महीने के कार्यकाल में 400 ऑफिस खोले थे, जिन्हें भाजपा सरकार ने बंद नहीं किया था। कांग्रेस की सरकार बदले की भावना से कार्रवाई कर रही हैं जो कि ठीक नहीं हैं। इसके परिणाम कांग्रेस को भुगतने पड़ेंगे क्योंकि हिमाचल प्रदेश के लोग इसे गंभीरता से ले रहे हैं और कांग्रेस सरकार अभी कुछ समय पहले ही बनी है और सरकार के खिलाफ लोगों में भारी आक्रोश हैं।
