कुल्लू : मनमिंद्र अरोड़ा – मनाली विधानसभा क्षेत्र में पूर्व भाजपा सरकार द्वारा शुरू किए गए विभिन्न योजनाओं के निर्माणाधीन कार्य युद्ध स्तर पर चलें हैं। यह बात पूर्व शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने रायसन में व्यास नदी पर 9 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन 80 मीटर डबललेन पुल के कार्य का जायजा लेने के उपरांत कही।
गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2015-16 में उन्होंने अपनी विधायक प्राथमिकता में इस पर पुल डाला था। 2020 में इस पुल का निर्माण कार्य शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि इस पुल के निर्माण कार्य को देखकर अति प्रसन्नता हुई। गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार ने जनता से वादा किया था कि लेफ्ट बैंक और राइट बैंक के बीच जगह जगह पर कनेक्टिविटी को बढ़ाएंगे। उसी दृष्टि से जनता से किया हुआ वादा पूरा किया। गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि यह पुल वामतट कुल्लू-मनाली को नेशनल हाईवे तीन से जोड़ेगा। इससे वामतट की लगभग 12 पंचायतों के हजारों लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी। किसानों व बागवानों को उनके उत्पाद फल व सब्जी मंडी बंदरोल तक लाने में भी सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि इस पुल के निर्माण की मांग लंबे समय से चली आ रही थी। पूर्व शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि उन्होंने इसी तरह विधायक प्राथमिकता के माध्यम से 17 मिल के पास व्यास नदी पर भी पुल का निर्माण कर जनता को समर्पित किया है।
