बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: लुहणु मैदान में रविवार को हाॅकी बिलासपुर संघ की बैठक वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पूर्व हाॅकी खिलाड़ियों सहित बीसीसीआई सीनियर टूर्नामेंट कमेटी सदस्य विशाल जगोता विशेष रूप से मौजूद रहे। बता दें कि प्रधान पंकज शर्मा द्वारा इस्तीफा दिए जाने के बाद प्रधान पद खाली चल रहा था। बैठक में पूर्व नेशनल हाॅकी खिलाड़ी यशवंत चैहान को सर्वसम्मति से कार्यकारी प्रधान चुना गया। इसी दौरान कुछ अन्य पद भी भरे गए।
जिसके तहत राजीव शर्मा को संयुक्त सचिव, झंडूता विस क्षेत्र से आशीष गौतम, घुमारवीं से ऋषि गुज्जर को चुना गया। इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्यों की फेहरिस्त में ब्रजेश कौशल, विकास पुंडीर, रवि धीमान, सतीश ठाकुर, जितेंद्र ठाकुर, चेत राम, लक्ष्मी देवी को शामिल किया गया। इस अवसर पर नवनियुक्त प्रधान यशवंत चौहान ने विश्वास दिलाया कि हाॅकी खेल के उत्थान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने इस जिम्मेवारी को सौंपने के लिए केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और बीसीसीआई सीनियर टूर्नामेंट कमेटी सदस्य विशाल जगोता का आभार जताया।
