सुभाष ठाकुर, बिलासपुर: स्वर्ण जयंती उत्कृष्ठ योजना के तहत जिला बिलासपुर के चार स्कूलों उत्कृष्ठ स्कूल बने हैं। उत्कृष्ट स्कूल बने इन स्कूलों में अब छात्रों को आधुनिक सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी, जिसके लिए बजट भी स्कूलों को मुहैया करवा दिया गया हैं। इन स्कूलों में बच्चों को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर ओर सभी आधुनिक सुविधाएं मिल सके इसके लिए 44-44 लाख रुपए की रुपए का बजट स्कूलों को मुहैया करवाया गया हैं।
उच्च शिक्षा उपनिदेशक बिलासपुर राजकुमार शर्मा ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से स्वर्ण जयंती उत्कृष्ठ स्कूल योजना का तीसरा चरण शुरू किया गया हैं। इससे पहले इस योजना के दो चरण को पूरा कर लिया गया हैं। योजना के तहत हर विधानसभा क्षेत्र में एक स्कूल का चयन किया जाता हैं। इन स्कूलों में नियमानुसार इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाता हैं। वहीं स्मार्ट क्लासरूम सुविधा भी मुहैया करवाई जाती हैं।
इसके अलावा बच्चों को वर्चुअल क्लास रूम की सुविधा सहित अन्य आधुनिक सुविधाएं भी इन स्कूलों में मुहैया करवाई जाएंगी। योजना के तहत तीसरे चरण में सदर विधानसभा क्षेत्र के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाल्टी, नयनादेवी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टोबा, घुमारवीं में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डंगार, झंडूता विधानसभा क्षेत्र के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोसरियां का चयन उत्कृष्ट स्कूल के रूप में हुआ हैं।
