धर्मशाला, राहुल -:धर्मशाला स्थित कांगड़ा कला संग्रहालय में शुरू की गई नई गैलरी इन दिनों लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी हुई है। संग्रहालय के ग्राउंड फ्लोर पर तैयार की गई इस गैलरी में अंग्रेजों के दौर के हथियारों सहित हिमाचली संस्कृति और पारंपरिक कला से जुड़ी कई दुर्लभ वस्तुओं को प्रदर्शित किया गया है।
नई गैलरी में पुरानी बंदूकें, तलवारें और पिस्टल लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही हैं। इसके अलावा हिमाचली चरखा, देवता पालकी, प्राचीन सिक्के और जयपुरी पॉटरी भी आगंतुकों को बेहद पसंद आ रही है। पहले संग्रहालय की ऊपरी मंजिल पर ही ऐतिहासिक वस्तुएं प्रदर्शित की जाती थीं, लेकिन अब प्रवेश करते ही पर्यटकों को विरासत की झलक देखने को मिल रही है।गैलरी शुरू होने के बाद संग्रहालय में आने वाले लोगों की संख्या में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्तमान में प्रतिदिन करीब डेढ़ सौ से अधिक पर्यटक संग्रहालय पहुंच रहे हैं। वहीं संग्रहालय प्रशासन ने घरेलू पर्यटकों के प्रवेश शुल्क में बढ़ोतरी करते हुए इसे 50 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये कर दिया है। विदेशी पर्यटकों के लिए शुल्क पहले की तरह 200 रुपये ही रखा गया है।संग्रहालय की अध्यक्ष रितू मलकोटिया ने बताया कि 18 मई को नई गैलरी को आम लोगों के लिए खोला गया। उन्होंने कहा कि गैलरी में प्रदर्शित हथियार शिमला संग्रहालय से उपलब्ध करवाए गए हैं, जो दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहे है।
TAGGED:
Dharamshala Kangra Art Museum
Chandrika
