Shimla, Sanju (TSN)-राजधानी शिमला के उपनगर समरहिल से सटी ग्राम पंचायत सांगटी संनोग के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पंचायत प्रधान राहुल कश्यप की अगुवाई में पुलिस अधीक्षक शिमला संजीव गांधी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में बढ़ रहे नशे के प्रचलन को रोकने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग उठाई।
पंचायत प्रधान राहुल कश्यप ने बताया कि सांगटी संनोग सहित शिमला के कई ग्रामीण इलाकों में चिट्टे का चलन चिंताजनक रूप से बढ़ रहा है। हाल ही में पंचायत क्षेत्र में किराए पर रह रहे चार युवकों को चिट्टे के साथ पकड़ा गया। राहुल कश्यप ने कहा कि क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय भी स्थित है, जहां देशभर से छात्र आते हैं। इस परिस्थिति को देखते हुए उन्होंने SP शिमला से आग्रह किया है कि सांगटी संनोग सहित आसपास की चार अन्य पंचायतों में नियमित पुलिस गश्त शुरू की जाए, ताकि नशे की रोकथाम सुनिश्चित हो सके।
