बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: बिलासपुर जिला के लाइसेंस धारक अपने हथियार निर्धारित समय पर जमा करवाएं। अन्यथा उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसके लिए बाकायदा चुनाव आयोग की ओर से हथियार मालिकों को निर्देश भी दिए गए हैं। निर्देशों के बाद अब हथियार मालिक थानों में अपने हथियार जमा करवाने पहुंच रहे हैं। विधानसभा चुनावों के मददेनजर चुनाव आयोग की ओर से हथियार जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं। डीएसपी हैडक्वार्टर राजकुमार ने बताया कि जिला में 6723 हथियार लाइसेंस धारक हैं। जिन्हें अपने संबधित थानों में अपना हथियार जमा करवाना अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि सभी लाइसेंस धारक अपना हथियार समय पर जमा करवाएं। उधर, बता दें कि जिला निर्वाचन अधिकारी बिलासपुर पंकज रॉय ने धारा 144 के अंर्तगत विधानसभा चुनाव प्रकिया पूरा होने तक सभी लाइसेंस धारकों को निर्धारित अवधि के तहत हथियार जमा करवाने के आदेश जारी किए हैं। विधानसभा चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू हाने के बाद चुनाव में कानून व्यवस्था बनाए रखने, आम जनता की सुरक्षा और विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए यह निर्देश जारी किए गए हैं।
