बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स बिलासपुर में सफाई कर्मियों ने एक बार फिर हड़ताल शुरू कर दी है। इस बार दोबारा वेतन विसंगति के चलते ही कर्मचारी हड़ताल पर हैं। यहां गुजरात की एमजे सोलंकी कंपनी को आउटसोर्स के माध्यम से सफाई का जिम्मा दिया गया है और सोमवार को जब कर्मचारियों को दो महीनों के बाद भी वेतन नहीं मिला तो उन्होंने हड़ताल शुरू कर दी है। मंगलवार को भी कर्मचारियों ने एम्स परिसर के अंदर बैठकर कंपनी के खिलाफ कुछ समय के लिए नारेबाजी की और उसके बाद शांतिपूर्वक तरीके से परिसर में ही हड़ताल पर बैठ गए हैं।
कर्मचारियों ने फैसला किया है जब तक कंपनी उनका वेतन नहीं देती, वह अपने काम पर नहीं लौटेंगे। गौर हो कि इससे पहले भी वेतन को लेकर एम्स के सफाई कर्मी एक बार हड़ताल कर चुके हैं। कुछ कर्मचारियाें ने नाम नहीं लिखने की शर्त पर बताया कि उन्हें अगस्त माह में नौकरी पर रखा गया था और अब अक्टूबर माह भी खत्म होने को है, लेकिन अभी तक उन्हें अगस्त का वेतन नहीं मिला है। यही हाल लगभग सभी सफाई कर्मियों का है। लोग दूर-दूर से बसों में किराया देकर पहुंचते हैं और अब उनका घर चलना भी मुश्किल हो रहा है।
