शिमला : कमल भारद्वाज – राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने मंगलवार को राजभवन से कुल्लू जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए राहत सामग्री से भरे दो वाहनों की तीसरी खेप को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। राज्य रेडक्रॉस के माध्यम से उपलब्ध करवाई गई राहत सामग्री के 7 वाहनों को प्रभावित क्षेत्रों में भेज जा चुका है।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि रेडक्रॉस सहित सभी गैर सरकारी संगठनों को मुश्किल की इस घड़ी में आगे आने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस घड़ी में सभी को एकजुट होकर मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में अंशदान कर प्रभावित परिवारों की सहायता करने आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ और भू-स्ख्लन की घटनाओं के बाद स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है, लेकिन बादल फटने और पहाड़ दरकने का सिलसिला अभी भी जारी है। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक जरूरत प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत प्रदान करने की आवश्यकता है, जिसके लिए प्रदेश सरकार बेहतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए केंद्रीय दल भी हिमाचल के दौरे पर पहुंच गया है ।वह आंकलन कर केंद्र सरकार के समक्ष ब्यौरा प्रस्तुत करेगा और केंद्र सरकार द्वारा राहत राशि जारी की जाएगी। केंद्र द्वारा भी फौरी राहत प्रदान की गई है।
