संजीव महाजन, नूरपुर: जिन्होंने देश ओर देशवासियों की रक्षा में पहले अपनी जी जान लगाई और अब वह सेवानिवृत्ति के बाद भी देशवासियों की मदद करना चाह रहे है। ऐसा जज़्बा किसी ओर में नहीं बल्कि देश के उन पूर्व सैनिकों में ही हो सकता है जिन्होंने अपने देश और देशवासियों से प्रेम किया है। जी हां इसी तरह की एक पहल ज्वाली विधानसभा के विकास खंड नगरोटा सूरियां की पंचायत स्पेल में आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य पर पूर्व सैनिकों की ओर से की गई है।
पूर्व सैनिकों ने एक कमेटी का गठन किया है जिसका नाम गुरु आत्मा राम पूर्व सैनिक बल रखा गया। इस कमेटी में शामिल पूर्व सैनिकों की ओर से एक प्रतिज्ञा ली गईं की वह अपनी हर महीने की पेंशन में से 500 रुपए निकालेंगे ओर वह उस पैसे का प्रयोग किसी गरीब लड़की के विवाह या किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति की मदद के लिए करेंगे।
पूर्व सैनिकों ने कहा कि वह पहले भी आर्मी में रह कर देश की सेवा करते आए है और रिटायर्ड होकर भी वह अपनी पेंशन में से कुछ रुपए दान कर किसी भी गरीब या जरूरतमंद व्यक्ति की मदद कर फिर से देश हित मे कार्य करना चाहते है। इस मौके पर कैप्टन लाल सिंह, सुवेदार बलदेव सिंह, सुवेदार रगुवीर सिंह, कैप्टन कुलदीप धीमान, कैप्टन नंद लाल, सुवेदार जोगिंदर सिंह, हवलदार जीवन गुलेरिया, सुवेदार सिकंदर सिंह, नेवी ऑफिस विजय गुलेरिया, सुवेदार कुशल गुलेरिया, सुवेदार राजेश शर्मा आदि पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
