अरविंदर सिंह,हमीरपुर: चुनाव आयोग की ओर से हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तिथियां घोषित कर दी गई है। चुनावों की घोषणा होने के बाद अब चुनावों को लेकर तैयारियों में जिला प्रशासन जुट गया है। जिला स्तर पर निर्वाचन अधिकारियों के देखरेख में सभी तैयारियां चुनावों को लेकर पूरी की जा रही है, जिससे की चुनाव सही तरीके से और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें। वही चुनावों के मद्देनजर हमीरपुर जिला प्रशासन की ओर से भी तैयारियां पूरी की जा रही है।
हमीरपुर में आज पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी देव श्वेता बनिक ने बताया कि हमीरपुर जिला में चुनावों के लिए सहायक निर्वाचन अधिकारियों को अवश्य दिशा निर्देश जारी कर दिए गए है और ज़िला में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू कर दी गई है । उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय सहित सभी उपमंडलो पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि जिला हमीरपुर ने महिला वोटरों की संख्या पुरुषों से अधिक है और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पांच महिला संचालित बूथों को स्थापित किया जाएगा।
हमीरपुर जिला में कुल 531 पोलिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे जिनमें 274 पोलिंग स्टेशन पर वेबकास्टिंग भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला हमीरपुर में 11 पोलिंग स्टेशन को क्रिटिकल पोलिंग स्टेशन माना गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी देव श्वेता बनिक ने बताया कि जिला हमीरपुर में कुल 407578 कुल मतदाताओं की संख्या है जिनमें महिलाओं की संख्या 207139 है जबकि पुरुषों की संख्या 200439 है । उन्होंने बताया कि चुनाव को सुचारू रूप से करवाने के लिए कर्मचारियों को तैयारियां करवाई जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि हमीरपुर जिला में पोस्टल वोटर की संख्या 8447 है।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुसार इस बार 80 वर्ष से अधिक आयु वालों के अलावा दिव्यांगों के लिए पोस्टल बैलट का भी प्रावधान किया गया है जिसके लिए उन्हें फॉर्म 80 डी के तहत जानकारी देनी होगी। उन्होंने बताया कि इसके बाद चुनाव आयोग की टीम उनके घर द्वार पर जाकर उनके वोट लेने का प्रावधान करेगा। उन्होंने बताया कि जिस व्यक्ति ने इसके लिए आवेदन किया है उसके घर टीम केवल दो बार ही जाकर वोट दिलवाने की प्रक्रिया करेगी साथ ही उक्त व्यक्ति पोलिंग बूथ पर जाकर वोट नहीं डाल सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव आयोग की ओर से प्रति विधानसभा क्षेत्र 2 पोलिंग बूथ को महिला संचालित बूथ बनाया जाता था लेकिन जिला प्रशासन ने हमीरपुर जिला में पहल करते हुए अपने पांचों विधानसभा क्षेत्रों में 5 पोलिंग बूथ प्रति विधानसभा क्षेत्र महिला संचालित बूथ बनाने का निर्णय लिया है।
