हमीरपुर,अरविंद-:अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) हमीरपुर की ओर से विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान, बौद्धिक क्षमता, राष्ट्रबोध और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन 4 अक्टूबर 2026 को होगा। इसमें कक्षा 9वीं से 12वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थी भाग ले सकेंगे।
जिला संयोजक हर्ष ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 14 सितंबर से 26 सितंबर 2026 तक चलेगी। विद्यार्थियों को पंजीकरण के लिए 30 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। प्रतियोगिता में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया था। उनके विचारों से प्रेरणा लेते हुए विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, ज्ञान और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना प्रतियोगिता का प्रमुख उद्देश्य है.हर्ष ने हमीरपुर सहित प्रदेश के सभी विद्यालयों में पढ़ने वाले 9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा परखने के साथ आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी उपयोगी मंच प्रदान करेगी।

