अरविंदर सिंह,हमीरपुर: हमीरपुर नगर परिषद जल्द ही नगर निगम में तब्दील होने वाली हैं। नगर परिषद को नगर निगम बनाने को लेकर प्रशासन ने अपने प्रयास तेज कर दिए हैं। सरकार की ओर से जारी आदेशों को पूरा करने के लिए जिला प्रशासन हमीरपुर ने मुहीम तेज कर दी हैं। नगर निगम के लिए अनिवार्य शर्तों को पूरा करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सर्वेक्षण शुरू कर दिया गया हैं। इसके तहत हमीरपुर की साथ लगती पंचायतों अनुकलां, बोहनी, एनआईटी हमीरपुर, नगर परिषद क्षेत्र हमीरपुर, बरोहा, नेरी, सासन, झनियारा, झनियारी, मौंहीं मटटनसिद्ध आदि कई पंचायतों को इसमें शामिल किया जा रहा हैं। इसके साथ ही नगर परिषद की आय-व्यय का अनिवार्य शर्त को पूरा कर रहा हैं।
बता दें कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विपक्ष में रहते हुए भी हमीरपुर नगर परिषद को नगर निगम में बदलने की मांग की थी। अब नई सरकार के गठन पर हमीरपुर नगर परिषद को नगर निगम में बदले जाने की मुहिम तेज हो गई है।
एसडीएम मनीष कुमार सोनी ने बताया कि नगर निगम के लिए जरूरी शर्ताें को पूरा करने के लिए टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के तहत आनी वाली सभी पंचायतों को सर्वे में शामिल किया गया हैं। इसमें आय की शर्त को भी पूरा कर लिया गया हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के दिशा-निर्देश के अनुसार रिर्पोट तैयार कर उपायुक्त के माध्यम से सरकार को सौंप दी जाएगी।
