अरविंदर सिंह, हमीरपुर: 18 फ़रवरी को हमीरपुर के गसोता महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि का पर्व इस बार काफी उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस पर्व के लिए खास बेंगलुरु के फूलों से महादेव के मंदिर की सजावट होगी। इसके लिए बेंगलुरु से टनों के हिसाब से फूल मंगवाए गए हैं। गुरुवार से महादेव के मंदिर की सजावट फूलों से शुरू हो जाएगी। 18 फरवरी को महाशिवरात्रि का पर्व आयोजित होगा और सुबह 4 बजे से ही भक्तों की कतारें गसोता महादेव मंदिर में लग जाएगी। रात को मंदिर में जागरण का आयोजन होगा ओर 19 फरवरी को विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा।
गसोता महादेव मंदिर के महंत राघवानंद गिरी जी महाराज ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी महाशिवरात्रि का पर्व काफी हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर मंदिर में सभी तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि मंडी के बाद महाशिवरात्रि का पर्व सबसे ज्यादा हर्षोल्लास के साथ हमीरपुर में ही मनाया जाता है। इस बार 50,000 के लगभग श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना बनी हुई है। उन्होंने बताया कि साल दर साल महाशिवरात्रि पर्व पर गसोता महादेव पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुसार प्रशासन की तरफ से भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। मंदिर विकास कमेटी भी अपने स्तर पर सभी बेहतरीन इंतजाम करने में लगी हुई हैं।
