हमीरपुर, अरविंद-:11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर बुधवार को जिला आयुर्वेदिक अस्पताल हमीरपुर में मल्टी-स्पेशियलिटी स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। उपायुक्त एवं जिला आयुर्वेदिक अस्पताल रोगी कल्याण समिति की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने दीप प्रज्ज्वलन, भगवान धनवंतरि पूजन और हवन के साथ शिविर का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने आयुर्वेदिक चिकित्सकों को आयुर्वेद दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत की प्राचीन और समृद्ध आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के बारे में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जाना चाहिए, ताकि इसका लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके।शिविर में आयुर्वेद विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अग्निकर्म, विद्धकर्म, जलौका कर्म, शिरोधारा, नाड़ी स्वेद, ग्रीवा वस्ती, जानु वस्ती और कपिंग सहित विभिन्न आयुर्वेदिक उपचार पद्धतियों से मरीजों का उपचार किया। लोगों के निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण भी किए गए। इसके साथ ही रक्तदान शिविर का आयोजन कर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया।

