बिलासपुर, सुभाष-:बिलासपुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज और रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक प्रवासी महिला की कथित तौर पर उसके पति और दो देवरों ने मिलकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की नीयत से किराए के मकान के सामने बने पानी के टैंक में डाल दिया गया और ऊपर से सीमेंट डालकर उसे छिपाने की कोशिश की गई। घटना के बाद तीनों आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार महिला कुछ समय से अपने पति के साथ बिलासपुर में रह रही थी। जब कई दिनों तक महिला से उसके मायके पक्ष का संपर्क नहीं हो पाया, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद परिजन बिलासपुर पहुंचे और मामले की सूचना पुलिस को दी।पुलिस ने किराए के मकान का ताला तोड़कर जांच शुरू की। इस दौरान घर के सामने बने पानी के टैंक पर पुलिस को संदेह हुआ। टैंक को खुलवाने पर अंदर महिला का शव मिला, जिसे सीमेंट से ढक दिया गया था। कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और हत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
एसपी संदीप धवल-:“मामले में प्रथम दृष्टया हत्या का अपराध सामने आया है। शव का पोस्टमार्टम एम्स में कराया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
