शिमला, संजू -:पहाड़ों की रानी शिमला में अब सफाई व्यवस्था हाईटेक होने जा रही है। नगर निगम शहर की तंग गलियों और व्यस्त बाजारों में आधुनिक छोटी मशीनों के जरिए सफाई करेगा। इसी कड़ी में शनिवार को गोबलर मशीन का ट्रायल किया गया। यह मशीन ड्राई वेस्ट को प्रभावी तरीके से इकट्ठा करने में सक्षम है। ट्रायल सीटीओ कार्यालय से लोअर बाजार होते हुए रिज मैदान तक किया गया। इस दौरान महापौर सुरेंद्र चौहान, पार्षदगण और संबंधित कंपनी के अधिकारी मौजूद रहे। मशीन ने लोअर बाजार और रिज क्षेत्र में सफाई का प्रदर्शन किया।
नगर निगम पहले ही बड़ी सफाई मशीनें खरीद चुका है, लेकिन वे संकरी सड़कों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नहीं पहुंच पातीं। ऐसे क्षेत्रों के लिए अब छोटी गोबलर मशीनें खरीदी जाएंगी। एक मशीन की कीमत लगभग 17 लाख रुपये बताई जा रही है। मशीनों की खरीद को लेकर प्रस्ताव नगर निगम हाउस में लाया जाएगा, जिसके बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।महापौर सुरेंद्र चौहान ने बताया कि ट्रायल के दौरान मशीन की कार्यप्रणाली को परखा गया है और जो भी कमियां सामने आई हैं, उनका अध्ययन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक या दो मशीनें खरीदने का प्रयास किया जाएगा। एक कर्मचारी ही मशीन को संचालित कर सकेगा। रिज, माल रोड और लोअर बाजार जैसे क्षेत्रों में सुबह-शाम सफाई के लिए इसका उपयोग किया जाएगा। नई तकनीक के साथ बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
