भावना शर्मा, शिमला: हिमाचल प्रदेश में बीते 48 घंटे से हो रही भारी बारिश से तबाही का अलग ही मंजर देखने को मिल रहा हैं। प्रदेश भर में भूस्खलन की घटनाएं हो रही हैं। प्रदेश की सड़कें इस तबाही से जगह-जगह बंद पड़ी च हैं,तो वहीं कई घर ढह गए हैं तो कई लोग अभी भी मलबे में दफन हैं और कई लोगों ने अपनी जान गवांई हैं।
वहीं आज सुबह शिमला के समरहिल में भारी लैंडस्लाइड हुआ हैं। इस लैंडस्लाइड में शिव मंदिर में माथा देखने आए श्रद्धालु मलबे में दफन हो गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि 20 से 25 लोग यहां मलबे के नीचे दबे हुए हैं तो वहीं अभी तक कई शव निकाले जा चुके हैं। राहत बचाव कार्य यहां युद्ध स्तर पर जारी हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी यहां मौके पर राहत और बचाव कार्य का जायजा लेने के लिए पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने प्रदेश में आई इस आपदा को देखते हुए जिसमें कई लोगों ने अपनी जान गवांई हैं यह फैसला लिया है कि प्रदेश में 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम बेहद ही सादे तरीके से मनाया जाएगा। किसी भी तरह का कोई भी सांस्कृतिक कार्यक्रम इस दौरान नहीं होगा। मात्र झंडा फहरा कर शहीदों की शहादत को नमन किया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी यह अपील की है कि वह इस आपदा की स्थिति में अपने घरों में सुरक्षित रहें और घरों से बाहर न निकले।
