Shimla, Sanju-हिमाचल प्रदेश इस समय भीषण आपदा से जूझ रहा है। राज्य में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण अब तक 700 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हो चुका है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जानकारी दी कि 20 जून से अब तक 69 लोगों की जान जा चुकी है और 37 लोग लापता हैं। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बातचीत कर केंद्र से हरसंभव सहायता का आश्वासन भी प्राप्त किया है। एक उच्च स्तरीय केंद्रीय टीम जल्द ही राज्य में नुकसान का जायजा लेने आ रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में राज्य की 280 सड़कें बंद हैं, 332 स्थानों पर बिजली आपूर्ति ठप है और 784 जगहों पर जल सेवा बाधित है। सरकार राहत और बचाव कार्यों में तेजी से जुटी है और प्रभावितों को हरसंभव सहायता देने के प्रयास कर रही है।इस बीच, मुख्यमंत्री ने विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि आपदा की घड़ी में झूठे बयान देना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं जयराम ठाकुर से हाल ही में मिले हैं और अधिकारी भी संपर्क में हैं। मुख्यमंत्री ने विपक्ष से आग्रह किया कि ऐसे समय में राजनीति करने की बजाय प्रभावित जनता के बीच जाकर सहयोग करें। साथ ही उन्होंने अभिनेत्री कंगना रनौत पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें भी राजनीति से ऊपर उठकर लोगों की मदद करनी चाहिए।
