भावना, शिमला: हिमाचल पुलिस ने एक ओर उपलब्धि अपने नाम दर्ज कर ली है। हिमाचल पुलिस को लापता लोगों का पता लगाने में देश भर में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है,जिसके लिए हिमाचल प्रदेश पुलिस को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की ओर से बधाई दी गई है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की ओर से जारी वर्ष 2021 के आंकड़ों में अपहरण और लापता व्यक्तियों का पता लगाने में देशभर में दूसरा स्थान हिमाचल प्रदेश पुलिस को दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश अन्य राज्यों की तुलना में बहुत कम अपराध दर वाला शांतिपूर्ण राज्य है। इसके बावजूद प्रदेश सरकार ने पुलिस तंत्र को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए है ओर अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस को आधुनिक सुविधाएं एवं नवीनतम प्रौद्योगिकी उपलब्ध करवाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस ने बदलती परिस्थितियों के अनुरूप अपनी कार्यप्रणाली में अच्छे सुधार लाए हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ समय पर कार्रवाई करके विभिन्न अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए राज्य पुलिस के निरंतर प्रयासों की भी सराहना की।
जय राम ठाकुर ने कहा कि विगत साढ़े चार वर्षों के दौरान पुलिस कर्मियों के सैंकड़ों पद भरे गए है और प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कई नए थाने और चौकियां भी खोली गई है। पुलिस बल में त्वरित आवाजाही सुनिश्चित बनानेे के लिए लगभग 350 वाहन उपलब्ध करवाए गए है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश पुलिस के आधुनिकीकरण और ढांचागत विकास पर लगभग 300 करोड़ रुपए खर्च किए गए है।
