सोलन : योगेश शर्मा- हिमाचल का परिवहन विभाग पूर्ण रूप से इलैक्ट्रिक वाहन उपयोग करने वाला देश का पहला सरकारी विभाग बन गया है। प्रदेश सरकार द्वारा हरित ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण व ग्रीन मोबिलिटी अभियान के तहत इलैक्ट्रिक वाहन के उपयोग पर विशेष बल दे रही है।
ज़िला सोलन के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय को भी एक इलैक्ट्रिक वाहन उपलब्ध करवाया गया है। ज़िला सोलन में इलैक्ट्रिक वाहन के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए 27 चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे,जिसके लिए भूमि का चयन किया गया है। सोलन में जल्द चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए भूमि स्थानान्तरण का कार्य भी शुरू किया गया है। अब तक कण्डाघाट और सोलन उप मण्डल में चार्जिंग स्टेशन के लिए चिन्ह्ति भूमि को क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के नाम स्थानान्तरण किया जा चुका है। अर्की उपमण्डल में 17 चिन्हित स्थानों पर एफ.सी.ए को कार्यवाही के लिए मामला भेजा गया है।
73 अन्य स्थानों पर भी होगी इलैक्ट्रिक वाहन की चार्जिंग की सुविधा
ज़िला सोलन में 73 अन्य स्थानों पर भी इलैक्ट्रिक
वाहन की चार्जिंग के लिए सुविधा मुहैया की जाएगी। जिसमें सरकारी कार्यालय स्वास्थ्य विभाग, विश्राम गृह, क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय, पेट्रोल पंप आदि शामिल होंगे।प्रदेश सरकार के पर्यावरण संरक्षण एवं इलैक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की पहल में ज़िला सोलन का क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय, ज़िला में इलैक्ट्रिक वाहन उपयोग करने वाला पहला कार्यालय है। प्रदेश सरकार की यह पहल, ज़िला सोलन में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उठाया गया एक प्रभावी कदम है। सरकार द्वारा इलैक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए टोल टैक्स में छुट भी दी जा रही है। इलैक्ट्रिक वाहन में सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है और इसमें सुरक्षा के लिए एयर बैग भी उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त, वाहन में फोग लैम्प, इलैक्ट्रिकल हैंड ब्रेक इत्यादि की सुविधा भी उपलब्ध है।
नौ सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार
क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय को दिए गए इलैक्ट्रिक
वाहन नेक्सन ईवी मैक्स है। जिसमें 40.5 kWh लिथियम-आयन बैटरी पैक का इस्तेमाल किया गया है जो एक बार फुल चार्जिंग पर (मानक परीक्षण स्थितियों के तहत) 437 किमी की एआरएआई-प्रमाणित रेंज देता है। यह एक परमानेंट मैगनेट सिक्रोनस एसी मोटर को पावर देता है। जिसमें 142 बीएचपी और 250 एनएम का आउटपुट मिलता है। यह कार नौ सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है। नेक्सन ईवी मैक्स या तो 3.3 kW चार्जर पर 7.2 kW AC फास्ट चार्जर के साथ आता है। बाद वाला 6.5 घंटे में कार की बैटरी को फुल चार्ज कर सकता है। 50 kW DC फास्ट चार्जर का इस्तेमाल करके कार को सिर्फ 56 मिनट में शून्य से 80 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकता है।
