सोलन:योगेश शर्मा- सोलन शहर को साफ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम सोलन इन दिनों शहर में खाली पड़ी जगह पर वॉल पेंटिंग करवा रहा है । वॉल पेंटिंग में जहां सोलन के ऐतिहासिक स्थलों को पेंटिंग के माध्यम से दर्शाया जाएगा। वही स्वच्छता को अपनाने और पानी को बचाने और रोड सेफ्टी से संबंधित कलाकृतियां दीवारों पर उकेरी जाएगी। शहर के मालरोड स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या स्कूल की दीवार पर इसके लिए नगर निगम ने वॉल पेंटिंग करवाने का कार्य शुरू करवा दिया है। इस वॉल पेंटिंग में जहां लोगों को साफ-सफाई रखने का संदेश दिया जाएगा। वहीं पानी के व्यर्थ बहाव को रोकने का भी आग्रह किया जाएगा। इससे पहले कन्या स्कूल की दीवार पर एतिहासिक ठोड़ा नृत्य की कलाकृतियां मालरोड की सुंदरता पर चार चांद लगा रही है। लेकिन अब इसी कलाकृतियों के ठीक नीचे पर्यटकों को रिझाने के लिए वॉलपेंटिंग करवाई जा रही है। इससे पर्यटक दर्शनीय स्थलों की जानकारी आसानी से जुटा सकेंगे। यह कार्य फाइन आर्टस के विद्यार्थियों की ओर से किया जा रहा है।
स्वच्छता,पानी को बचाने और रोड़ सेफ्टी का संदेश
वॉल पेंटिंग कर रहे कलाकर पूर्ण ने बताया कि शहर के मॉल रोड़ पर उनके द्वारा पानी को बचाने, स्वच्छता को अपनाने का संदेश दिया जा रहा है। इसके बाद शहर के बाईपास में रोड़ सेफ्टी से सम्बंधित पेंटिंग दीवारों पर की जाएगी। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा टेंडर के जरिये ये कार्य करवाया जा रहा है।
शहर में खाली पड़ी सभी जगहों पर की जाएगी वॉल पेटिंग
नगर निगम सोलन की मेयर पूनम ग्रोवर ने बताया कि शहर की दीवारों को साफ-सुथरा रखने के लिए वॉल पेंटिंग करवाई जा रही है। यह वॉल पेंटिंग पर्यटकों का ध्यान आकर्षित करेगी। इस माध्यम से सोलन शहर के दर्शनीय स्थलों समेत एतिहासिक जानकारियों को दिखाया जाएगा। इसके लिए कार्य शुरू कर दिया है। कन्या स्कूल की दीवार पर आगामी कुछ दिनों में शहर की झलक देखने को मिलेगी। इसके बाद बाइपास समेत वार्डों में खाली पड़ी दीवारों पर अलग-अलग चित्र को उकेरा जाएगा।
