नादौन। नादौन-अंब मार्ग पर चामुखा गांव के समीप कार और हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक ही परिवार की दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, टांडा में जारी है।
पुलिस के अनुसार कार (एचपी-36 डी 3879) नादौन से कलोहा की ओर जा रही थी। चामुखा के पास पहुंचने पर चालक राकेश कुमार वाहन से नियंत्रण खो बैठा और सामने से अमृतसर से सुजानपुर आ रही एचआरटीसी बस से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में कार सवार सोमादेवी पत्नी भूरी सिंह, निवासी गांव भड़ू (नैहरनपुखर) और उनकी बेटी शशिवाला पत्नी राकेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राकेश कुमार, उनके साले विजय कुमार पुत्र भूरी सिंह तथा बच्चों रुद्रांश और उर्वशी को गंभीर चोटें आईं। सभी घायलों को पहले नागरिक अस्पताल नादौन ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें टांडा रेफर कर दिया गया।
बस चालक प्रदीप कुमार और परिचालक जीवन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण कार की तेज रफ्तार प्रतीत होता है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। जांच अधिकारी उपनिरीक्षक इलमद्दीन ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
इस बीच, परिवहन निगम के ऊना डिपो से निरीक्षक सीताराम, उपनिरीक्षक राज कुमार और अड्डा इंचार्ज राजेंद्र कौशल अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार को 10 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
