सोलन : योगेश शर्मा (TSN)- त्यौहारी सीजन में अक्सर खाद्य सुरक्षा विभाग खाद्य पदार्थों के सैंपल भरता है, लेकिन अक्सर यह देखा जाता है कि इन सैंपलों की रिपोर्ट त्योहारों के खत्म होने के बाद पहुंचती है । ऐसा ही इस बार भी सोलन में देखने को मिल रहा है,जहां विभाग ने दिवाली को लेकर मुस्तेदी से कार्य करते हुए 101 सैंपल तो भर दिए, लेकिन अब 14 दिन के बाद इन सैंपलों की रिपोर्ट आएगी।
रिपोर्ट के लिए करना पड़ेगा 14 दिन का इतंजार
अगर कोई मिठाइयां खराब पाई जाती है या फिर लोगों के स्वास्थ्य पर इसका कोई असर पड़ता है तो इसका जिम्मेदार कौन होगा,यह अब बड़ा सवाल है। शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में खाद्य सुरक्षा विभाग सोलन के सहायक अरुण चौहान ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिला में दो टीमें बनाकर 101 मिठाइयों और दूध और दूध बने उत्पादों के सैंपल भरे हैं। उन्होंने कहा कि इन सैंपल की रिपोर्ट 14 दिन के बाद आएगी, जिसके बाद ही पता लग पाएगा कि कौन सी मिठाई मिस ब्रांडेड या फिर खराब है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के लिए 14 दोनों का इंतजार करना होगा । उन्होंने बताया कि इसी के साथ नालागढ़ क्षेत्र में खराब 120 किलो मिठाई भी निरीक्षण के दौरान विभाग ने नष्ट की है। बता दें कि हर साल त्यौहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग मुस्तेदी से कार्य तो करता है, लेकिन सैंपल की रिपोर्ट को लेकर हमेशा सवाल उठते रहे हैं क्योंकि खाद्य सुरक्षा विभाग की सैंपल रिपोर्ट तब आती है जब त्यौहार खत्म हो जाते हैं । ऐसे में कई बार लोग भी इसको लेकर विभाग से आग्रह कर चुके हैं कि इसकी रिपोर्ट 24 से 48 घंटे के भीतर दी जानी चाहिए ताकि लोगों की सेहत के साथ भी खिलवाड़ ना हो और उन्हें भी पता लग सके कि वह जो मिठाई खा रहे हैं वह सही है या नहीं।
