Chamba, Manjur Pathan-:चंबा जिला के तीसा उपमंडल में आज एक दिवसीय विशाल कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर भजरडू के मेला ग्राउंड में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में सिविल जज तीसा सुमित ठाकुर ने मुख्य रूप से शिरकत की और लोगों को कानूनी अधिकारों व न्यायिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर आयोजित जागरूकता शिविर में आपदा प्रबंधन, नशा उन्मूलन और आर्थिक रूप से कमजोर एवं गरीब परिवारों को अदालतों के माध्यम से मिलने वाली कानूनी सहायता के विषय में विस्तार से जानकारी साझा की गई। तीसा न्यायालय से जुड़े कई अधिवक्ताओं ने अलग-अलग कानूनों पर प्रकाश डालते हुए आम लोगों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया। शिविर के दौरान नशे के दुष्प्रभावों और इसके खात्मे के लिए कानूनी व सामाजिक प्रयासों पर विशेष फोकस रखा गया।कार्यक्रम में करीब 350 से 400 लोगों ने भाग लेकर कानूनी जानकारी प्राप्त की। शिविर में एसडीएम चुराह राजेश कुमार जरियाल, तहसीलदार, डीएसपी, थाना प्रभारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों से नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
लीगल सर्विसेज ऑथोरिटी तीसा के सचिव योगिंदर पाल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह एक दिवसीय कार्यशाला लोगों को कानून से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि शिविर में साढ़े तीन सौ से चार सौ के करीब लोगों ने भाग लिया। इस दौरान नशा उन्मूलन के लिए किए जा रहे प्रयासों, कानूनी सलाह प्राप्त करने की प्रक्रिया और आपदा की स्थिति में मिलने वाली राहत संबंधी कानूनों की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से आम जनता को न्याय प्रणाली के प्रति जागरूक करना ही मुख्य उद्देश्य है।
