राहुल चावला, धर्मशाला: शराब के नशे में गाड़ी चला रहे व्यक्ति की अपनी पत्नी से हुई बहस के बाद व्यक्ति ने पत्नी सहित गाड़ी को नदी में गिरा कर खुदकुशी करने की कोशिश की हैं। मामला बुधवार का हैं जब पठानकोट-मंडी राजमार्ग पर मनूनी खड्ड पर स्थित कांगड़ा शहर से बाहरी इलाके में मटौर में 139 साल पुराने पुल पर एक व्यक्ति ने शराब के नशे में पत्नी समेत कार चलाते हुए खुदकुशी करने की नाकाम कोशिश की।
बुधवार दोपहर 2:30 बजे के करीब पति-पत्नी अपनी ऑल्टो कार से धर्मशाला से कांगड़ा की तरफ आ रहे थे। इस दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर बहस होने लगी। महिला का पति अत्यंत शराब के नशे में था। वह महिला से कहने लगा कि आज वह खुद भी मर जाएगा वह उसे भी साथ में मार देगा। मटौर पहुंचने पर वह मनूनी खड्ड पर स्थित 139 साल पुराने पुल के पास पहुंचने पर पुल के ऊपर से व्यक्ति अपनी कार तेज रफ्तार से निकालने लगा। महिला ने अपने पति के इरादों को समझते हुए कार से छलांग लगा दी, जिससे महिला ऊपर ही सुरक्षित रह गई व पति कार समेत खड्ड में जा गिरा।
महिला धर्मशाला बॉयज स्कूल में अंग्रेजी विषय की अध्यापिका के तौर पर तैनात है। महिला का पति हमीरपुर से है। इस हादसे के बाद महिला का पति भी सुरक्षित है। मौके पर पुलिस कर्मियों ने मामले की छानबीन की ओर महिला के बयान के अनुसार आगामी कार्रवाई पुलिस की ओर से की जाएगी।
