सोलन/चन्द्रिका – आईसीडीएस के द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं को जागरूक करने के साथ एक अनूठी पहल की गई है। यहां गर्भवती महिलाओं के लिए गोदभराई कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
गर्भवती महिलाओं की करवाई जाती है गोदभराई
सोलन के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में गर्भवती महिला की गोदभराई की गई। इस दौरान केंद्र की आंगनबाड़ी वर्कर हमिता ने गर्भवती महिला नीलम को तिलक व मोली बांधकर गोदभराई की शुरुआत की । उन्होंने गर्भवती महिला की गोद मे फल, पंजीरी व अन्य खाद्य सामग्री दी। इसके अलावा वहां उपस्थित अन्य महिलाओं ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया। आंगनबाड़ी केंद्रों पर इस तरह की पहल एक सराहनीय कदम है। यहां गर्भवती महिलाओं को कैसे अपना ध्यान रखना है, किस तरह की पौष्टिक आहार खाने है और सरकार की ओर से गर्भवती महिलाओं के लिए चलाई गई योजनाओं के बारे में जागरूक किया जाता है।
गोदभराई के लिए आई नीलम ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र का सराहनीय कदम है। इससे गर्भवती महिलाओं को विस्तार से जानकारी दी जाती है। इसके अलावा अन्य महिलाएं भी अपने अनुभव सांझा करती है।
कोविड के चलते बीच मे बन्द किया गया था कार्यक्रम
आंगनबाड़ी वर्कर हमिता ने बताया कि सोलन हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में अब तक 30 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई करवाई गई है। उन्होंने बताया कि ये कार्यक्रम आईसीडीएस के द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों पर चलाया जाता है, ताकि गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य को लेकर जागरूक किया जा सके। बता दे कि कोरोना काल से पहले गोदभराई कार्यक्रम की शुरुआत की गई थी, लेकिन कोविड के चलते इसे बंद करना पड़ा था। वहीं अब ये कार्यक्रम इस वर्ष से दोबारा शुरू कर दिया गया है। आंगनबाड़ी केंद्रों पर महीने की पहली और 15 तारीख को गोदभराई कार्यक्रम आयोजित करवाया जाता है और गर्भवती महिलाएं भी इसे लाभान्वित हो रही हैं।
