सोलन/योगेश शर्मा: ओल्ड पेंशन स्कीम बहाली की मांग को लेकर पिछले 9 दिनों से कर्मचारी क्रमिक अनशन पर है। हर जिला मुख्यालय पर कर्मचारियों द्वारा रोजाना चार से पांच कर्मचारी क्रमिक अनशन कर रहे हैं। सोमवार को भी जिला सोलन में जिला मुख्यालय पर कर्मचारियों द्वारा अपना क्रमिक अनशन जारी रखा गया। 9वें दिन अनशन में न्यू पेंशनर कर्मचारी संघ ब्लॉक धर्मपुर के कर्मचारी विशेष रूप से पहुंचे।
इस दौरान धर्मपुर ब्लॉक से आए कर्मचारी पंकज शुक्ला ने बताया कि अपने बुढ़ापे को ध्यान में रखते हुए वे लोग लगातार ओपीएस बहाली की मांग कर रहे हैं। उनकी एकमात्र मांग सिर्फ ओपीएस ही है लेकिन सरकार इसकी तरफ ध्यान देने में नाकाम है।
उन्होंने कहा कि अगर अब भी सरकार इस ओर ध्यान नही देती है तो विधानसभा चुनावों में उन्हें इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह से साल 2004 से पहले के कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम के तहत पेंशन दी जा रही है। उसी तर्ज पर अन्य कर्मचारियों को भी पेंशन दी जाए। कर्मचारियों ने दो टूक बात रखते हुए सरकार को कहा है कि कर्मचारी ही सरकार बनाते हैं ऐसे में कर्मचारियों के साथ भेदभाव ना करें।
