ऊना | हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष डेजी ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और महिला कार्यकर्ताओं के साथ संगठन को मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा की।
मीडिया से बातचीत करते हुए डेजी ठाकुर ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में इस तरह की बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में वह हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत ऊना पहुंची हैं। उन्होंने बताया कि 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए महिला मोर्चा को मजबूत किया जा रहा है, ताकि भारतीय जनता पार्टी फिर से सत्ता में आ सके।
डेजी ठाकुर ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह एकजुट है और आगामी विधानसभा चुनावों में महिलाएं निर्णायक भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं से झूठे वादे कर सत्ता हासिल की, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन वादों को पूरा नहीं किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए और यह सोचना चाहिए कि पार्टी में फूट कहां है। डेजी ठाकुर ने भरोसा जताया कि 2027 में महिलाएं कांग्रेस का तख्ता पलट कर भाजपा की सरकार बनाएंगी।
