Mandi, Dharamveer-:- 21 दिसंबर यानी आज पूरे देशभर में पल्स पोलियो अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें 0 से 5 वर्ष के आयु चक्र में आने वाले नौनिहालों को दो बूंद जिंदगी की पिलाई जा रही है। प्रदेश के मंडी जिला की बात करें तो यहां 1100 बूथों पर 60 हजार से अधिक नन्हें-मुन्नों को पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है।
जोनल हॉस्पिटल मंडी में स्थापित पोलियो बूथ का उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने नौनिहालों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाकर पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया।अस्पताल में स्थापित इस बूथ के अलावा जिला के अन्य बूथों पर भी अभिभावक अपने बच्चों को लेकर पोलियो खुराक के लिए पहुंच रहे हैं। इस मौके पर डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि जिला मंडी में इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग के 4500 कर्मचारी अपनी सेवाएं दे रहें है। जिसमें 64 हजार 500 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का आग्रह किया है, ताकि भविष्य में देश व प्रदेश में पोलियो अपने पैर न पसार सके। जो बच्चे आज के दिन खुराक लेने से छूट जाएंगे, उन्हें 22 और 23 दिसम्बर को घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। ताकि 0-5 आयु वर्ग के सभी नौनिहालों को पोलियो खुराक पिलाने के लक्ष्य को शत प्रतिशत हासिल किया जा सके।
