Sirmour, 19 November-:शिलाई नागरिक अस्पताल में रोगी कल्याण समिति की बैठक उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोज़गार मंत्री हर्षवर्धन चौहान की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक से पूर्व मंत्री ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया और उपस्थित चिकित्सकों से मुलाकात कर उपचार संबंधी आवश्यकताओं एवं संसाधनों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर चल रही स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायज़ा भी लिया।
निरीक्षण के दौरान हर्षवर्धन चौहान ने 19 करोड़ की लागत से बन रहे 100 बिस्तरों वाले नए सिविल अस्पताल भवन के निर्माण कार्य की प्रगति देखी और संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिलाई क्षेत्र के लोग दूर-दराज़ से अस्पताल सेवाओं के लिए यहाँ आते हैं, इसलिए स्थानीय अस्पताल की सुविधाओं का सुदृढ़ होना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से सरकार द्वारा 6 सामान्य चिकित्सकों, 3 विशेषज्ञ डॉक्टरों और 11 स्टाफ नर्सों की नियुक्ति की गई है, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिली है।
मंत्री ने बताया कि नया अस्पताल भवन जल्द ही पूर्ण कर जनता को समर्पित किया जाएगा, जिसके बाद 100 बिस्तरों की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य ढांचे और स्टाफ की उपलब्धता को प्राथमिकता पर बढ़ाया जा रहा है, ताकि ग्रामीण जनता को उपचार के लिए दूर शहरों का रुख न करना पड़े। उन्होंने विश्वास जताया कि मजबूत स्वास्थ्य सेवाएँ गांव के लोगों को आर्थिक तंगी के कारण उपचार से वंचित नहीं होने देंगी।
रोगी कल्याण समिति की बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, स्थानीय आवश्यकताओं और अस्पताल की जरूरतों पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री ने जोर देते हुए कहा कि समिति की धनराशि का उपयोग क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने में ही होना चाहिए। बैठक का संचालन समिति की सचिव डॉ. शीतल शर्मा ने किया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
