Shimla, 19 November-:प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा रात्रि वाहन चैकिंग अभियान को तेज गति से चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सभी जिलों में थाना तथा चौकी स्तर पर विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर वाहनों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस मुख्यालय इस पूरी प्रक्रिया पर निरंतर नजर रखे हुए है और प्रतिदिन अभियान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
अभियान के दौरान कई जिलों में न केवल संदिग्ध वाहनों की जांच की गई, बल्कि मादक पदार्थ भी बरामद किए गए, जिससे पुलिस की कार्रवाई के सार्थक परिणाम सामने आए हैं। पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य न केवल अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना है, बल्कि सड़क सुरक्षा को भी सुनिश्चित करना है। शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले चालकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और पकड़े जाने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
रात्रि चैकिंग अभियान के साथ ही प्रदेशभर में स्थापित आईटीएमएस (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) कैमरों की सहायता से वाहनों की गति और यातायात नियमों के उल्लंघन पर नजर रखी जा रही है। नैशनल हाईवे, फोरलेन तथा स्टेट हाईवे पर लगे इन कैमरों के माध्यम से ओवर स्पीड, बिना हेल्मेट, ट्रिपल राइडिंग जैसे उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत चालान जारी किए जा रहे हैं। इन तकनीकी उपायों से हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर प्रभावी नियंत्रण हासिल हो रहा है।पुलिस मुख्यालय ने सभी जिला एसपी को अभियान को निरंतर और सख्ती से संचालित करने के निर्देश जारी किए हैं।
तो डायल करें 112, पहचान रहेगी गोपनीय
प्रदेश को नशा मुक्त बनाने की दिशा में पुलिस लगातार मुहिम चला रही है। विभाग ने जनता से अपील की है कि चिट्टा सप्लाई या इसके प्रयोग से संबंधित किसी भी सूचना को तुरंत 112 पर साझा करें या निकटतम पुलिस स्टेशन को सूचित करें। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
